पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती पर जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित
अम्बेडकर नगर।
गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया सभागार में पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की त्रिशताब्दी जयंती के अवसर पर जनप्रतिनिधियों का एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय थे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की उन महान नारियों में से एक थीं जिन्होंने नारी शक्ति, प्रशासनिक दक्षता और धार्मिक आस्था का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि महारानी का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जनपद के चांदी ग्राम में हुआ था। प्रारंभ से ही अहिल्याबाई विलक्षण प्रतिभा की धनी थीं। वे परम शिवभक्त थीं और उन्होंने सोमनाथ, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, बद्रीनाथ, केदारनाथ जैसे अनेक मंदिरों का निर्माण एवं पुनरुद्धार कराया। उनका शासनकाल धर्म, न्याय और सुशासन का प्रतीक रहा।
सम्मेलन के संयोजक एमएलसी डॉ. हरिओम पाण्डेय ने महारानी अहिल्याबाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक न्यायप्रिय और दृढ़ संकल्पित शासक थीं। अपने पति की असामयिक मृत्यु के बाद उन्होंने मालवा की बागडोर संभाली और कभी भी अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक कार्यों के लिए समय निकालना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश सिंह और प्रधान संघ अध्यक्ष मान सिंह ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलामंत्री विनय पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय, डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह, पंकज वर्मा, प्रधान विपिन सिंह, अंकित पाण्डेय, सभासद संजय वर्मा, आदर्श चौधरी, रमेश यादव, आनंद श्रीवास्तव, शशि द्विवेदी, अरविंद सिंह डिंपू, गौरव श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह यादव, उमा शंकर सिंह सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।