कलेक्ट्रेट के सामने कांग्रेसियों का प्रदर्शन
राहुल गांधी का पुतला फूंके जाने से नाराज दिखे कांग्रेसी
जिलाध्यक्ष बोले-हमारे नेता की बातों को तोड़ मरोड़कर भारतीय जनता पार्टी ने किया पेश
सुल्तानपुर,सहयोग मंत्रा । रायबरेली सांसद राहुल गांधी का पुतला भाजपाईयों द्वारा फूंके जाने से कांग्रेसी नाराज हैं। शुक्रवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से निकलकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि यह देश लोकतांत्रिक व्यवस्था पर चलने वाला देश है। संविधान के अनुसार हर व्यक्ति को अपना विचार रखने का अधिकार प्राप्त है। इसी क्रम में हमारे नेता राहुल गांधी ने लोकसभा के सदन में बतौर नेता विपक्षी दल अपने विचार रखे थे जिसके उपरांत उनकी बातों को तोड़ मरोड़कर भारतीय जनता पार्टी व उनके सहयोगी संगठन ने विभिन्न स्थानों पर हमारे नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। उनकी फोटो को हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पैतृक आवास के बाहर जलाया तथा सुलतानपुर में भी जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर पुलिस अधिकारियों की उपस्थित में पुतला फूंका गया था। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश सरकार की शह पर राजनीतिक विद्वेष फैलाने का कार्य किया जा रहा है जो की अशोभनीय है। अलोकतांत्रिक है जिसका कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है।अभिषेक सिंह राणा ने महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि जिन जिन स्थानों पर राहुल गांधी का पुतला फूंका गया है वहां के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही का आदेश दिया जाए। तथा बीजेपी व जिन संगठन के लोगो ने पुतला दहन व फोटो जलाने का अपराधिक कृत्य किया उनके कृत्यों की विधिवत जांच कर समुचित विधिक कार्यवाही का आदेश दिया जाए।
इस मौके पर लाल पद्माकर सिंह, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, सुब्रत सिंह सनी, विनय त्रिपाठी, पवन मिश्र कटांवा, अंबरीश पाठक जिगर, विवेक श्रीवास्तव,ममनून आलम,अवधेश गौतम, नंदलाल मोर्य, अरुण कुमार त्रिपाठी, महेंद्र प्रताप सिंह, ओपी द्विवेदी, प्रेम भारती, अतहर नवाब, रणजीत सिंह सलूजा, मानस तिवारी, प्रेम शुक्ला, शीतल साहू आदि लोग शामिल रहे।
प्रदर्शन को लेकर प्रशासन अलर्ट
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगा दी गई थी। वही अग्नि शमन वाहन को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात किया गया था। सीओ सिटी शिवम मिश्रा व नवागत कोतवाल एके द्विवेदी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे।
- श्रवण शर्मा